RishikeshUttrakhand

ऋषिकेश नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण की महापौर ने की समीक्षा

ऋषिकेश, 22 सितंबर 2026। नगर निगम ऋषिकेश के प्रस्तावित नए कार्यालय भवन के निर्माण कार्य को लेकर मंगलवार को महापौर कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में भवन निर्माण की प्रगति के साथ-साथ निर्माण के दौरान सामने आ रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में संबंधित विभागों के स्तर पर चल रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की मौजूदा स्थिति और सामने आ रही बाधाओं की जानकारी महापौर के समक्ष रखी। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का नया कार्यालय भवन शहर के प्रशासनिक कामकाज और जनसुविधाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। ऐसे में निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से कार्य की मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही निर्माण की प्रगति से जुड़ी अद्यतन रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जा सके।

बैठक में एमडीडीए के शशांक सक्सेना, जल संस्थान के एसडीओ रूपेश चंद, उप नगर आयुक्त अंकिता जोशी, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, निर्माणाधीन भवन के अभियंता सहित नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।