SIR को लेकर उठे सवालों का चुनाव आयोग दे जवाब: अभिनव थापर
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने SIR (Special Intensive Revision) को लेकर चुनाव आयोग से कई सवालों का जवाब सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि SIR से संबंधित मीडिया रिपोर्टों के बाद मतदाता सूची की पारदर्शिता और प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों को स्पष्ट किया जाना जरूरी है।

थापर ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसकी निष्पक्षता में जनता का विश्वास लोकतंत्र की महत्वपूर्ण ताकत है। ऐसे में SIR से जुड़े निर्णयों, आपत्तियों और मतदाता सूची में किए जा रहे बदलावों की तथ्यात्मक जानकारी जनता के सामने होनी चाहिए।
‘वोट चोरी’ अभियान का भी किया जिक्र
अभिनव थापर ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार “वोट चोरी” के मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाते रहे हैं। उनके अनुसार, SIR को लेकर सामने आ रही मीडिया रिपोर्टों ने मतदाता सूची और मताधिकार से जुड़े सवालों को और महत्वपूर्ण बना दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि SIR की प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से बाहर न हो।

Form-7 की शिकायतों की जांच की मांग
थापर ने Form-7 के कथित दुरुपयोग से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि मतदाता सूची में किए गए प्रत्येक बदलाव की जानकारी राजनीतिक दलों और आम नागरिकों के लिए पारदर्शी तरीके से उपलब्ध होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने मताधिकार को लेकर जागरूक है और कांग्रेस पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा का मुद्दा लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी।
थापर के मुताबिक, निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी मतदाता सूची और प्रत्येक पात्र नागरिक के वोट की सुरक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए जरूरी है।

