Uttrakhand

राम माधव को उत्तराखंड भाजपा का प्रभारी बनाए जाने पर प्रदेश संगठन ने जताया आभार, महेंद्र भट्ट बोले , रणनीतिक नेतृत्व में जीत की हैट्रिक का भरोसा

देहरादून, 23 सितंबर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर प्रदेश भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने राम माधव को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके संगठनात्मक अनुभव को उत्तराखंड भाजपा के लिए महत्वपूर्ण बताया।

 

महेंद्र भट्ट ने कहा कि राम माधव का संगठन के क्षेत्र में लंबा अनुभव, विचारशीलता और रणनीतिक कौशल रहा है। उनके अनुसार, नए प्रदेश प्रभारी के मार्गदर्शन से उत्तराखंड में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी तथा जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

 

भट्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने के अभियान को भी नए नेतृत्व से गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने उत्तराखंड भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं की ओर से राम माधव के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री नितिन नवीन जी द्वारा  श्री राम माधव जी को उत्तराखंड भाजपा का प्रदेश प्रभारी तथा श्री अरविंद मेनन  जी एवं सुश्री बांसुरी स्वराज जी को सह प्रभारी ...

बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को भी जिम्मेदारी

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रदेश सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने पर सांसद बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को मीडिया कम्युनिकेशन विभाग का कॉर्डिनेटर बनाए जाने पर उन्होंने उन्हें भी शुभकामनाएं दीं।

‘चुनावी जीत की हैट्रिक’ का जताया भरोसा

महेंद्र भट्ट ने कहा कि नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों के रणनीतिक नेतृत्व में उत्तराखंड में भाजपा संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए नेतृत्व के मार्गदर्शन में पार्टी आगामी चुनावों में लगातार तीसरी जीत दर्ज करने में सफल होगी।

भाजपा नेतृत्व की ओर से राम माधव, बांसुरी स्वराज, अरविंद मेनन और अनिल बलूनी को दी गई नई जिम्मेदारियों को आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।