नालापानी चौक पर साहस की मिसाल बनीं तीन सफाई कर्मचारी, नगर निगम ने किया सम्मानित
देहरादून।
भारत केसरी
सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक पर एक महिला के अपहरण के प्रयास को विफल करने वाली नगर निगम की तीन महिला सफाई कर्मचारियों को उनके साहस और सूझबूझ के लिए सम्मानित किया गया। नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में महापौर सौरभ थपलियाल ने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला की मौजूदगी में अनीता देवी, माया देवी और सविता देवी को शॉल ओढ़ाकर एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया।

महापौर सौरभ थपलियाल ने तीनों महिला कर्मचारियों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने निडरता और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक महिला को अपहरण की कोशिश से बचाया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की यह बहादुरी न केवल नगर निगम बल्कि पूरे वाल्मीकि समाज के लिए गर्व की बात है।
वहीं, इस सम्मान समारोह में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैद, नगर निगम शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार (सोनू खैरवाल), हलका प्रधान अरविंद कुमार, अरुण कुमार और तेजपाल ने भी महिला सफाई कर्मचारियों के साहस की सराहना की।
सफाई के साथ सुरक्षा का भी जिम्मा—नालापानी चौक की इन तीन महिलाओं ने बता दिया कि हिम्मत वर्दी या पद नहीं देखती।
