नेपाल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंची गोर्खाली सुधार सभा की राहत टीम
देहरादून। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और आपदा के बाद राहत एवं सहायता कार्यों के लिए उत्तराखंड से रवाना हुई गोर्खाली सुधार सभा की आठ सदस्यीय टीम अब नेपाल के ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी है।

गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा के नेतृत्व में टीम को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। नेपाल पहुंचने के बाद टीम ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग समेत आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी दौरा किया और प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
टीम के अनुसार, स्थानीय स्वयंसेवकों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से करीब 400 आपदा प्रभावित लोगों को राहत सामग्री की किट वितरित की गई। राहत सामग्री स्थानीय स्तर पर प्रभावित परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खरीदकर तैयार की गई।
गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने बताया कि ग्राउंड जीरो पर पहुंचने से आपदा प्रभावित लोगों की वास्तविक परिस्थितियों और पुनर्वास से जुड़ी जरूरतों को समझने में मदद मिली। टीम ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी परेशानियों को जाना और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सहायता पहुंचाई।
राहत दल में गोर्खाली सुधार सभा अध्यक्ष पदम सिंह थापा, गोरखा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री अभिषेक शाही, भाजपा दुर्गा मल्ल मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, समाजसेवी टेकू मगर, सूबेदार डम्मर थापा, शाखा अध्यक्ष शंकर थापा, शमशेर थापा, पूर्व प्रधान लव तमांग सहित स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।
गोर्खाली सुधार सभा की मीडिया प्रभारी प्रभा शाह ने बताया कि राहत टीम आगामी कुछ दिनों तक नेपाल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रहकर सहायता कार्य जारी रखेगी। राहत अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी और तस्वीरें समय-समय पर साझा की जाएंगी।
