CM UTTRAKHANDUttrakhand

उत्तराखंड में 26-27 सितंबर को रेड अलर्ट, सीएम धामी ने लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील

देहरादून। मौसम विभाग की ओर से 26 और 27 सितंबर को उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में जारी रेड अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने लोगों से रेड अलर्ट की अवधि में अनावश्यक यात्रा से बचने और जरूरी होने पर ही मौसम तथा सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद यात्रा करने को कहा है। 26-27 सितंबर को उत्तराखंड में रहें सावधान! सीएम धामी ने दिए 24 घंटे अलर्ट  रहने के निर्देश - Khabar Pahad

मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से भी अपील की कि मौसम की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गाड़-गदेरों, बरसाती धाराओं और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाएं। तेज बहाव में प्रवेश करने का प्रयास भी न करें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए संवेदनशील सड़कों और स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को नदी-नालों और अन्य जोखिम वाले स्थानों से दूर रखने की अपील की।

जिलाधिकारियों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें, इसके लिए आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं।

राहत एवं बचाव दलों के साथ आवश्यक उपकरण, जेसीबी और अन्य मशीनरी को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखने तथा संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

चारधाम मार्ग और पर्यटन स्थलों पर निगरानी

मुख्यमंत्री ने नदी-नालों के जलस्तर, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पर्वतीय मार्गों, चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगातार निगरानी रखने को कहा है। मौसम की स्थिति के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें और स्वयं सुरक्षित रहने के साथ दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।