सीएम हेल्पलाइन की बंद शिकायतों की होगी स्थलीय जांच, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
देहरादून, 25 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों को बंद की गई शिकायतों की स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत को पोर्टल पर बंद करना ही निस्तारण नहीं माना जाएगा, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना जरूरी है।
इसी क्रम में विकासखंड डोईवाला के वार्ड संख्या-9, रेशम माजरी में सड़क के गड्ढों से संबंधित शिकायत की स्थलीय जांच कराई गई। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि सड़क की कुछ माह पहले मरम्मत कराई गई थी, लेकिन मौके पर अब भी गड्ढे मौजूद थे। सड़क की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई।
ग्रामीणों ने बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव की आशंका भी जताई। समस्या के बने रहने के बावजूद शिकायत को बंद किए जाने के मामले को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया।
संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
जिलाधिकारी ने प्रकरण में संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग को सड़क की वर्तमान स्थिति और पूर्व में किए गए मरम्मत कार्य की जांच कराने को कहा गया है।
डीएम ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत का निस्तारण केवल पोर्टल पर उसे बंद करने से पूरा नहीं माना जाएगा। संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
फोर्स क्लोज के मामलों में तय होगी जवाबदेही
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना समाधान के शिकायतों को ‘फोर्स क्लोज’ किए जाने के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। जांच में जिस अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी सामने आएगी, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण करने से पहले मौके की वास्तविक स्थिति और शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को अनावश्यक रूप से ‘फोर्स क्लोज’ न किया जाए तथा शिकायत बंद करने से पहले समाधान और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। 
