डीएम ने योजनाओं की समीक्षा की, पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थल चिह्नित करने के निर्देश
देहरादून, 25 सितंबर 2026। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनपद स्तर पर संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 25 योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति के साथ राजस्व प्राप्ति और प्रवर्तन कार्यों की भी समीक्षा की गई।

कूड़ा निस्तारण और रिस्पना नदी पर ट्रैश स्क्रीन पर चर्चा
बैठक में ईको टूरिज्म, पर्यटन नीति और होमस्टे योजना से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने कूड़ा निस्तारण, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन, रीसाइक्लिंग प्लांट तथा स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था की समीक्षा की।
नदियों में कचरा डाले जाने की घटनाओं को देखते हुए कूड़ा निस्तारण से जुड़ी चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने नालों और पुलियाओं के माध्यम से नदियों में पहुंचने वाले कचरे को रोकने के लिए ट्रैश स्क्रीन की संभावना तलाशने के निर्देश दिए। रिस्पना नदी पर इसे पायलट परियोजना के तौर पर शुरू करने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने नदियों में कचरा न डालने को लेकर नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने और व्यवहार परिवर्तन के लिए अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
पार्किंग के लिए जमीन चिह्नित करने के निर्देश
पार्किंग और यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ऐसे उपयुक्त स्थलों की पहचान करने के निर्देश दिए, जिन्हें भविष्य में पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्थल चयन के दौरान मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के मास्टर प्लान को भी ध्यान में रखा जाए।
कैटल पाउंड और नशामुक्ति अभियान की समीक्षा
बैठक में निराश्रित पशुओं के लिए कैटल पाउंड की व्यवस्था, SARRA, ‘कैच द रेन’ अभियान और नशामुक्ति अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय बनाए रखने और निर्धारित कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा नियमित रूप से की जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, नगर आयुक्त ऋषिकेश विजय नाथ शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अधिकारी उपस्थित रहे। 
