बाइक पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर स्टंटबाजी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
देहरादून। सेलाकुई थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर सड़क पर स्टंटबाजी और हुड़दंग करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए दून पुलिस ने मोटरसाइकिल को चिन्हित कर सीज कर दिया। साथ ही संबंधित युवकों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में हुड़दंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक मोटरसाइकिल पर चालक समेत कई युवक सवार होकर सहसपुर-सेलाकुई क्षेत्र के राजमार्ग पर हुड़दंग और स्टंटबाजी करते दिखाई दे रहे थे। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में यातायात नियमों का उल्लंघन करने के साथ ही सड़क पर अन्य लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती दिखाई दी।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या UK07FZ-8117 (स्प्लेंडर) को चिन्हित किया। 25 सितंबर 2026 को मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस ने स्टंटबाजी करने वाले मोटरसाइकिल चालक फैजान पुत्र आजाद, निवासी जमनपुर, सेलाकुई, देहरादून सहित सेलाकुई निवासी शादाब, सरताज और फैजान के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की है।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर हुड़दंग, स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। 
