सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट के वीडियो पर दून पुलिस की कार्रवाई, दो गिरफ्तार
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर आपस में झगड़ा करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में दून पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए दोनों आरोपियों को चिन्हित किया और कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को रायपुर क्षेत्र में एक शराब के ठेके के पास दो व्यक्तियों के बीच लड़ाई-झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों सार्वजनिक स्थान पर आपस में विवाद करते दिखाई दे रहे थे।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में थाना रायपुर पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों व्यक्तियों की पहचान के लिए जानकारी जुटाई और उन्हें चिन्हित किया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 172 BNSS के तहत चालानी कार्रवाई की।

गिरफ्तार अभियुक्त
1. पवन कुमार, पुत्र रामजद, निवासी रायपुर बाजार, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 36 वर्ष।
2. मुकेश रावत, पुत्र राम सिंह रावत, निवासी नत्थुवाला, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 40 वर्ष।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों में सोशल मीडिया पर सामने आने वाले वीडियो का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। 
