कारगी कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन पर नगर आयुक्त सख्त, 30 सितंबर तक मशीनें ठीक कर हैंडओवर का अल्टीमेटम
देहरादून। कारगी स्थित मैकेनाइज्ड कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के अपेक्षित रूप से संचालित नहीं होने पर नगर निगम देहरादून ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्टेशन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और स्मार्ट सिटी पीआईयू सेल को बंद पड़ी मशीनों की मरम्मत कर 30 सितंबर तक स्टेशन को नगर निगम को हैंडओवर करने का अल्टीमेटम दिया।

नगर आयुक्त ने कहा कि कारगी मैकेनाइज्ड कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन लंबे समय से पूरी क्षमता के अनुरूप संचालित नहीं हो पा रहा है। स्टेशन पर कूड़े से कैप्सूल बनाने की प्रक्रिया भी लंबे समय से बंद है। मशीनों के काम नहीं करने के कारण नगर निगम को कारगी में एकत्र कूड़े को वाहनों के माध्यम से अन्य स्थानों तक भेजना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इसके चलते निगम के वाहनों के फेरे बढ़ रहे हैं, जिससे समय, ईंधन और संसाधनों की अतिरिक्त खपत हो रही है। इससे कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
मशीनों की तकनीकी जांच और तत्काल मरम्मत के निर्देश
नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी पीआईयू सेल को निर्देश दिए कि स्टेशन पर लगी मशीनों की तकनीकी स्थिति का परीक्षण कराया जाए और आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल पूरा किया जाए। इसके बाद स्टेशन को नगर निगम को विधिवत हैंडओवर करने की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी करने को कहा गया है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि तय समयसीमा में काम पूरा नहीं होने या किसी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पालन नहीं हुआ तो निगम अपने स्तर पर संभालेगा व्यवस्था
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि यदि स्मार्ट सिटी और संबंधित कंपनी के स्तर से तत्काल प्रभाव से निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो नगर निगम अपने स्तर पर आगे की कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था संचालित करने की कार्रवाई करेगा।
नगर निगम का कहना है कि कारगी ट्रांसफर स्टेशन की मशीनों के सुचारु संचालन से कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था को बेहतर करने के साथ ही वाहनों के अनावश्यक फेरों और संसाधनों की अतिरिक्त खपत को भी कम किया जा सकेगा।

