मौसम की मार: 27 सितंबर तक चारधाम यात्रा स्थगित, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला
ऋषिकेश। उत्तराखंड में खराब मौसम के पूर्वानुमान के बीच चारधाम यात्रा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर 2026 तक चारधाम यात्रा स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है।

चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन, ऋषिकेश की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह फैसला मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त सूचना और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के आधार पर लिया गया है। प्रदेश में रेड अलर्ट और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता
आदेश में कहा गया है कि 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक चारधाम यात्रा स्थगित रहेगी। मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी जिलाधिकारियों को निर्देश
चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

