भारी बारिश की चेतावनी के बीच उत्तराखंड का आपदा तंत्र अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी
देहरादून। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर उत्तराखंड का आपदा प्रबंधन तंत्र अलर्ट मोड पर है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य और जनपद स्तर पर मौसम एवं बारिश की स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने कहा कि सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों के माध्यम से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
संवेदनशील क्षेत्रों में फील्ड टीमें सतर्क
मदन कौशिक ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात फील्ड टीमें सतर्क हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जा सके, इसके लिए आवश्यक संसाधनों को तैयार रखा गया है।
उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाने और आपदा की संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए नदी-नालों, बरसाती गदेरों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और संवेदनशील सड़क मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन को मौसम की स्थिति के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
आपदा प्रबंधन मंत्री ने आमजन से मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों और बरसाती गदेरों के आसपास न जाने तथा प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों और दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।
मदन कौशिक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेशवासियों की सुरक्षा है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 
