महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आगाज, सात विधानसभा क्षेत्रों के 1,372 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
देहरादून। रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में शनिवार को सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आगाज हुआ। राज्यसभा सांसद डा. नरेश बंसल ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। खेल, शिक्षा एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में देहरादून की सात विधानसभा सीटों से विधानसभा स्तर पर चयनित खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया।

उद्घाटन अवसर पर सांसद नरेश बंसल ने चैंपियनशिप का ध्वज फहराया और तिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और क्लैप बजाकर रेस को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के साथ कबड्डी में भी हिस्सा लिया।
सात विधानसभा क्षेत्रों के 1,372 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में चकराता, विकासनगर, सहसपुर, कैंट, मसूरी, राजपुर और रायपुर विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग में बालक और बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में 1,372 खिलाड़ियों ने कबड्डी, वॉलीबाल, एथलेटिक्स, खो-खो, पिट्टू और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
इसके अलावा फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंब, गोली-कंचा और रस्साकशी की सीधी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें करीब 500 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
विजेता खिलाड़ियों को दिए मेडल
प्रतियोगिता के दौरान कुछ खेलों में विजेता खिलाड़ियों को सांसद डा. नरेश बंसल ने मेडल प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और लगातार अभ्यास पर ध्यान देने का आह्वान किया।
बंसल ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, दृढ़ता, टीम भावना और नियमों के सम्मान जैसे गुण विकसित होते हैं। उनके अनुसार खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खेलों के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश
सांसद नरेश बंसल ने युवाओं में नशीली दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग को एक चुनौती बताते हुए खेलों को स्वस्थ जीवनशैली और नशे से दूरी बनाने का माध्यम बताया। उन्होंने युवाओं से नशीली दवाओं से दूर रहने और खेलों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उन्होंने खिलाड़ियों को शपथ भी दिलाई। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर
बंसल ने कहा कि सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी जैसे आयोजनों का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के अवसर मिलना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा कि खेलों में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण निरंतर प्रयास और खेल भावना है। उन्होंने खिलाड़ियों से कठिन परिस्थितियों में मजबूत बने रहने, सफलता मिलने पर विनम्र रहने और अपने प्रदर्शन में लगातार सुधार करने का आह्वान किया।
खेलों में बदलाव का किया उल्लेख
सांसद नरेश बंसल ने अपने संबोधन में पिछले वर्षों में देश में खेलों के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट और पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि इन प्रयासों से गांव और कस्बों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने उत्तराखंड में खेल गतिविधियों के विस्तार का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किए जा रहे प्रयासों को दिया।
कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर, युवा भाजपा नेता सिद्धार्थ बंसल, जिला क्रीड़ा अधिकारी शिवानी गुरूंग, युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कोच और खिलाड़ी मौजूद रहे।

