आपदा प्रबंधन में SDRF की बड़ी उपलब्धि, ISO 9001 Certification की प्रक्रिया पूरी
देहरादून। आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू सेवाओं में गुणवत्ता, दक्षता और मानकीकरण को मजबूत करने की दिशा में SDRF उत्तराखंड पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। SDRF वाहिनी मुख्यालय, जॉलीग्रांट ने ISO 9001 Certification की निर्धारित प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ के मार्गदर्शन में प्रदेश में आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू सेवाओं को अधिक प्रभावी, आधुनिक और मानकीकृत बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में SDRF ने अपनी कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण व्यवस्था, संसाधन प्रबंधन और रेस्क्यू प्रक्रियाओं में गुणवत्ता सुधार पर फोकस किया है।
14 जुलाई को हुआ पहला ऑडिट
ISO Certification की प्रक्रिया के तहत 14 जुलाई 2026 को SDRF वाहिनी मुख्यालय, जॉलीग्रांट में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की टीम ने प्रथम ऑडिट किया। पूर्व वैज्ञानिक ‘G’ एवं उप महानिदेशक, BIS, भारत सरकार विष्णु गुप्ता ने सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी की मौजूदगी में वाहिनी की विभिन्न शाखाओं और कार्यप्रणालियों का विस्तृत निरीक्षण किया।
ऑडिट के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण प्रणाली, दस्तावेजीकरण, गुणवत्ता प्रबंधन, संसाधन प्रबंधन और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। निर्धारित मानकों और आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद SDRF उत्तराखंड ने ISO 9001 Certification की प्रक्रिया पूरी की।
रेस्क्यू सेवाओं में मानकीकरण पर जोर
SDRF उत्तराखंड पुलिस आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में ISO 9001 Certification प्राप्त करने वाली प्रथम एजेंसी बनने की दिशा में अग्रसर है। यह पहल बल की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, मानकीकरण, जवाबदेही और निरंतर सुधार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
ISO 9001 Certification से SDRF की कार्यप्रणाली को और अधिक व्यवस्थित एवं मानकीकृत करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही बेहतर दस्तावेजीकरण, जवाबदेही, संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन तथा प्रशिक्षण और रेस्क्यू प्रक्रियाओं में निरंतर गुणवत्ता सुधार को बढ़ावा मिलेगा।
इससे आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को अधिक त्वरित, प्रभावी और व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ प्रशिक्षण पर फोकस
सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से SDRF आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ प्रशिक्षण, मानकीकृत प्रक्रियाओं और गुणवत्तापूर्ण आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि ISO 9001 Certification की दिशा में हासिल यह उपलब्धि SDRF की दक्षता, गुणवत्ता और प्रभावी आपदा प्रबंधन सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

