महिला के अपहरण के प्रयास मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पैसों के विवाद में डराने आया था देहरादून
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को कथित तौर पर जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने एक साथी के कहने पर महिला को डराने के लिए अन्य लोगों के साथ देहरादून पहुंचा था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को सुषमा शर्मा ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया था कि नालापानी चौक के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें जबरन एक वाहन में बैठाने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं. 394/26 दर्ज करते हुए धारा 126(2), 140(3), 61(2) और 62 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने एक महिला आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में पैसों के लेन-देन को लेकर पीड़िता और आरोपी पक्ष के बीच विवाद की बात सामने आई। इसके साथ ही घटना में कथित रूप से शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी क्रम में 27 सितंबर को पुलिस ने प्रियांशु (19) पुत्र स्व. सुखपाल को नवोदय नगर, हरिद्वार के पास से गिरफ्तार किया। वह अन्नकी, रोशनाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में प्रियांशु ने बताया कि उसके साथी दीपक का सुषमा नाम की महिला से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। दीपक के कहने पर वह अपने साथियों आदित्य और लक्की के साथ महिला को डराने के उद्देश्य से देहरादून आया था।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:
प्रियांशु पुत्र स्व. सुखपाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी अन्नकी, रोशनाबाद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार। मूल निवासी ग्राम नगला एहमाद, थाना मंगलौर, हरिद्वार।
पुलिस टीम: अ0उ0नि0 सुनील रावत, हे0का0 दीप प्रकाश, हे0का0 प्रेम पवार, का0 मनोज तथा हे0का0 किरण कुमार (एसओजी देहरादून)।

