पैसों की तंगी में रची रंगदारी की साजिश, व्हाट्सऐप धमकी के बाद पुलिस ने दबोचे दो आरोपी
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने व्हाट्सऐप के जरिए पीड़ित को धमकाकर उससे पैसे की मांग की थी। मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक पहले पीड़ित के यहां भवन निर्माण के दौरान काम कर चुका था और इसी वजह से उसके पास पीड़ित का मोबाइल नंबर मौजूद था।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को झिवारेड़ी निवासी भगवती प्रसाद ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात व्यक्ति फोन पर उन्हें धमका रहे हैं और पैसे की मांग कर रहे हैं। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 676/2026 के तहत धारा 308(4) और 352(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। मामला सामने आने के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
सर्विलांस से खुला सुराग
पुलिस टीम ने सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई गई। पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पटेलनगर क्षेत्र से विशु और अभिषेक को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी बरामद हुए।
पुराने परिचय का उठाया फायदा
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मूल रूप से हरिद्वार के रहने वाले हैं। आरोपी विशु कुछ समय पहले भगवती प्रसाद के भवन निर्माण कार्य में मजदूरी कर चुका था। इसी दौरान उसने पीड़ित का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया था।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल काम नहीं मिलने और पैसों की जरूरत के चलते विशु ने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर पीड़ित को धमकाकर रकम वसूलने की योजना बनाई।
आरोप है कि इसी दौरान अभिषेक के पास एक व्यक्ति मोबाइल ठीक कराने के लिए आया था। मोबाइल ठीक करने के दौरान अभिषेक ने उस व्यक्ति के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर अपने फोन में व्हाट्सऐप डाउनलोड कर लिया। इसके बाद इसी व्हाट्सऐप के जरिए भगवती प्रसाद को कॉल कर धमकाया गया और पैसों की मांग की गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पीड़ित से रकम लेने के लिए देहरादून पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई में उन्हें पकड़ लिया गया।

तीन मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो, पोको और सैमसंग कंपनी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
विशु पुत्र चंद्रपाल, निवासी नजरपुरा प्राइमरी स्कूल के पास, कोतवाली मंगलौर, हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष।
अभिषेक पुत्र सुखपाल, निवासी नजरपुरा प्राइमरी स्कूल के पास, कोतवाली मंगलौर, हरिद्वार, उम्र 21 वर्ष।
पुलिस टीम: उ0नि0 रफत अली, चौकी प्रभारी नयागांव, हे0कां0 सुनित कुमार, हे0कां0 अरुण कुमार, कां0 प्रवीण और हे0का0 किरण कुमार (एसओजी देहरादून)।

