Uttrakhand

‘सपनों का भारत 2047’ अभियान में बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, खजानदास ने किया पुरस्कार वितरण

देहरादून। ‘सपनों का भारत 2047’ अभियान के तहत सीएनआई इंटर कॉलेज, देहरादून में सेवा कार्य, भाषण, चित्रकला, पेंटिंग प्रतियोगिता और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री एवं भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश संयोजक तथा अभियान के संयोजक खजानदास ने प्रतिभाग किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विकसित भारत 2047 को लेकर अपनी कल्पनाओं और विचारों को प्रस्तुत किया। खजानदास ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

‘युवाओं में विकसित भारत की सोच मजबूत करना उद्देश्य’

खजानदास ने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों के बीच वर्ष 2047 तक भारत को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की सोच को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों को चित्रों और भाषणों के माध्यम से विकसित भारत 2047 को लेकर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों में रंगोली और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों के जरिए महिला सशक्तिकरण समेत सामाजिक विषयों पर भी जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों के माध्यम से आधुनिक भारत को लेकर अपनी कल्पनाएं प्रस्तुत कीं।

सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन और AI पर जोर

मंत्री खजानदास ने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के विजन में आत्मनिर्भरता के साथ सेमीकंडक्टर निर्माण, रक्षा उत्पादन, हरित ऊर्जा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों को महत्व दिया जा रहा है।

उन्होंने आधुनिक बुनियादी ढांचे का उल्लेख करते हुए कहा कि हाईवे, रेलवे नेटवर्क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसरों को मजबूत करना भी विकसित भारत के लक्ष्य का हिस्सा है।

कार्यक्रम में सीएनआई इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रीबिका, नगर निगम पार्षद अशोक डोबरियाल, विद्यालय के शिक्षकगण, नैन सिंह पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।