CM UTTRAKHANDUttrakhand

हाई एल्टीट्यूड ट्रेकिंग में फंसे ट्रेकर्स को लेकर CM धामी का एक्शन, 8 हेलीकॉप्टर तैनात

देहरादून।

दिल्ली दौरे से लौटते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, आईटी पार्क पहुंचे और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के दौरान फंसे ट्रेकर्स एवं माउंटेनियर्स के लिए चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की ताजा स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि फंसे हुए प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता हो। बैठक में बताया गया कि उत्तराखंड के विभिन्न उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कुल 179 ट्रेकर्स एवं माउंटेनियर्स के फंसे होने की जानकारी मिली थी। इनमें 136 उत्तरकाशी और 43 बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र में थे।

 

उत्तरकाशी में फंसे 136 लोगों में से 40 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू से इनकार करते हुए अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई है। शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।

 

रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए 8 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने जरूरत पड़ने पर हवाई संसाधनों के तत्काल इस्तेमाल और हेली एंबुलेंस को स्टैंडबाय रखने के निर्देश दिए हैं।

 

 

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से भी सीधे जानकारी ली और मौसम व भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए रेस्क्यू टीमों को सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन, पुलिस, SDRF और अन्य एजेंसियों को संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।

 

चारधाम यात्रा पर भी CM धामी की नजर

बैठक में मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और यात्रा मार्गों की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने चारधाम समेत प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर स्थायी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को वर्तमान के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजना तैयार करने के निर्देश दिए।