SIR पर बड़ा अपडेट: 28 सितंबर तक दावे-आपत्तियों का निस्तारण, 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर निर्वाचन विभाग ने बड़ा अपडेट जारी किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के निर्देश पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

बैठक में राजनीतिक दलों को SIR कार्यक्रम की प्रगति और आगामी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
निर्वाचन विभाग ने उन नागरिकों के लिए भी जानकारी साझा की है, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। ऐसे नागरिक ECI-Net के माध्यम से ऑनलाइन या अपने BLO के जरिए फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। इनमें भाजपा से राजकुमार पुरोहित, कांग्रेस से राजेंद्र सिंह भंडारी और प्रशांत खंडूड़ी, बसपा से सत्यपाल और सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से अशोक सेमवाल तथा CPI(M) से अनंत आकाश शामिल रहे।
