Uttrakhand

राजपुर रोड विधानसभा में विकास कार्यों की समीक्षा, 15 दिन में सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश

देहरादून।

 

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे और लंबित विकास कार्यों को लेकर संयुक्त विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मंत्री खजान दास ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई और फॉगिंग जैसे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। कूड़ा उठान और नालियों की सफाई व्यवस्था को लेकर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर निगम के कार्यों से संतुष्टि नजर नहीं आ रही है और सफाई व्यवस्था के लिए बार-बार निर्देश देने पड़ रहे हैं।

 

उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था को सुचारू करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र की जनता को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।

 

वहीं, लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान में तेजी लाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र निविदाएं आमंत्रित कर लंबित कार्यों को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में यूपीसीएल से विद्युत लाइनों को भूमिगत किए जाने की प्रगति की भी जानकारी ली गई। मंत्री ने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

 

इसके अलावा चौराहों के सौंदर्यीकरण, मॉडल कॉलोनी निर्माण, सीवर लाइन, हरिद्वार रोड पर फुटओवर ब्रिज, पेयजल योजनाओं, परेड ग्राउंड और पलटन बाजार से जुड़े लंबित कार्यों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

 

स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम के अधिकारियों के बैठक में शामिल नहीं होने पर भी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।

 

मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की शुरुआत घर, आसपास के क्षेत्र, शहर और राज्य से करनी होगी। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देनी होगी।

 

बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे।