नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद को आगे आया गोर्खाली समाज, राहत कोष में सौंपी ₹5.67 लाख से अधिक की सहायता राशि
देहरादून।
नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए गोर्खाली सुधार सभा की विभिन्न शाखाओं और सामाजिक संस्थाओं ने सहायता का हाथ बढ़ाया है। अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों से एकत्रित की गई कुल ₹5,67,929 की सहयोग राशि शाखा अध्यक्षों एवं उनकी टीमों ने सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा को नेपाल आपदा राहत कार्य के लिए सौंपी।

राहत राशि में कौलागढ़ शाखा की ओर से ₹1,09,401, शिव मंदिर समिति ठाकुरपुर की ओर से ₹56,152, भगवानपुर शाखा की ओर से ₹65,000, देहरादून लिम्बु एसोसिएशन की ओर से ₹1,62,815, किरात राई संस्था की ओर से ₹60,100 और रामगढ़ शाखा की ओर से ₹1,13,461 का सहयोग शामिल है।
गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में पड़ोसी देश नेपाल के प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होना सभी का दायित्व है। उन्होंने राहत कार्य के लिए सहयोग करने वाली सभी शाखाओं, टीमों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजन क्षेत्री, उपाध्यक्ष पूजा सुब्बा चंद, विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
नेपाल आपदा राहत के लिए गोर्खाली सुधार सभा की ओर से लगातार सहायता जुटाने का अभियान जारी है।
