देहरादून में भाजपा पार्षद के घर लूट, नौकर के साथ पहुंचे थे साथी; नशीला पदार्थ देकर परिवार को किया बेहोश
देहरादून।
भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लूट की वारदात में जांच के दौरान नया इनपुट सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर में काम करने वाला नौकर इस वारदात में अकेला नहीं था, बल्कि उसके बुलाने पर कुछ अन्य लोग भी रात में घर पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि वारदात रात करीब एक बजे के आसपास हुई। उस समय घर में पार्षद, उनके पति महिपाल और बेटा शुभम मौजूद थे। आरोप है कि नौकर ने परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ खिलाकर या पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसने अपने साथियों को घर के अंदर बुलाया।

परिवार के सदस्यों के बेहोश होने के बाद आरोपियों ने करीब एक घंटे तक घर में रहकर सामान खंगाला और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी एक साथ नहीं निकले, बल्कि अलग-अलग दिशाओं में चले गए।
बताया जा रहा है कि घरेलू काम के लिए नौकर को करीब 25 दिन पहले ही रखा गया था। पुलिस अब नौकर के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाने के साथ ही वारदात से पहले घर की रेकी किए जाने की आशंका की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए आरोपियों की संख्या, उनके आने-जाने के रास्ते और वारदात के दौरान उनकी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान तथा लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर संभावित ठिकानों पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

