ऋषिकेश। ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत नगर निगम ऋषिकेश की ओर से बुधवार को शांति प्रपन्न शर्मा राजकीय चिकित्सालय में पर्यावरण मित्रों और निगम कार्मिकों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ महापौर शम्भू पासवान की मौजूदगी में हुआ।
Oplus_16908288
इस दौरान पर्यावरण मित्रों, सफाई नायकों और नगर निगम के अन्य कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों ने रक्तचाप, रक्त शर्करा, नेत्र परीक्षण समेत सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए। जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि लगातार स्वच्छता कार्य में जुटे कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को लेकर नगर निगम गंभीर है और नियमित स्वास्थ्य जांच को प्राथमिकता दी जा रही है।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान मेडिकल टीम ने पर्यावरण मित्रों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और कार्यस्थल पर सुरक्षा को लेकर भी जागरूक किया। सफाई कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के नियमित इस्तेमाल और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई।
शिविर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद राणा सहित मेडिकल टीम, सफाई निरीक्षक अमित नेगी, राजन भट्ट, संतोष गुसाईं, सफाई नायक और बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।