‘60 पार’ के दावे पर कांग्रेस का पलटवार, सुजाता पॉल बोलीं- पहले जनता के सवालों का जवाब दे भाजपा
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी के दो दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में ‘60 पार’ का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने का संकेत दिया। राम माधव के इस लक्ष्य पर कांग्रेस ने पलटवार किया है।

कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष सुजाता पॉल ने राम माधव के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें अभी उत्तराखंड आए ज्यादा समय नहीं हुआ है और उन्हें बड़े-बड़े सपने देखने के बजाय प्रदेश की जमीनी हकीकत को समझना चाहिए।
सुजाता पॉल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर जनता लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों ने युवाओं की चिंता बढ़ाई है और रोजगार के सवाल पर युवा सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आह्वान का भी उल्लेख किया, जिसमें ‘पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम आए’ की बात कही गई थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस उत्तराखंड के युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार देने की बात कही गई थी, वहां आज युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं।
सुजाता पॉल ने कहा कि भाजपा को चुनावी सीटों का लक्ष्य तय करने से पहले जनता के सवालों और युवाओं की समस्याओं का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई के मुद्दों को नजरअंदाज कर केवल चुनावी लक्ष्य घोषित करने से जमीनी परिस्थितियां नहीं बदलेंगी।
उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को नजरअंदाज करना भाजपा के लिए भारी पड़ सकता है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने भाजपा के ‘60 पार’ के नारे पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी दावे करने के बजाय सरकार को अपने कामकाज और जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।
राम माधव के उत्तराखंड दौरे के बाद भाजपा के ‘60 पार’ लक्ष्य को लेकर कांग्रेस के हमले से प्रदेश की सियासत में चुनावी सरगर्मी और बढ़ गई है। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले दोनों प्रमुख दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

