CRIME NEWSDEHRADUN

मांडूवाला हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट

देहरादून। प्रेमनगर के मांडूवाला स्थित जंगल में मिले मदन मुखिया के शव की गुत्थी दून पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्याकांड में मृतक की पत्नी मीना देवी और उसके कथित प्रेमी 23 वर्षीय ललन शर्मा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, मीना देवी और ललन शर्मा के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। घटना से दो दिन पहले मदन ने ललन के मोबाइल फोन में पत्नी की तस्वीरें और वीडियो देख लिए थे। इसके बाद उसने परिजनों को इसकी जानकारी देने और पत्नी से संबंध खत्म करने की बात कही थी।

 

पुलिस के अनुसार, मामले के सामने आने और बदनामी के डर से दोनों ने मदन की हत्या की साजिश रची। 3 अक्टूबर की शाम दोनों ने मदन को शराब पिलाने के बहाने मांडूवाला के जंगल में बुलाया। यहां शराब के नशे में होने के दौरान कथित तौर पर चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जंगल में खाई में फेंक दिया। शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।