332 युवाओं को नियुक्ति पत्र, सीएम धामी बोले- नौकरी को जनसेवा का माध्यम बनाएं
आयुष विभाग के 271 और ईएसआई योजना के 61 फार्मेसी अधिकारियों को मिली नियुक्ति, धामी बोले- पारदर्शी भर्ती से युवाओं को मिल रहा योग्यता का सम्मान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें आयुष विभाग के 271 और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत नियुक्त 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारी शामिल हैं।
नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।

‘अस्पताल आने वाला हर व्यक्ति उम्मीद लेकर आता है’
सीएम धामी ने कहा कि नव नियुक्त कार्मिक अपनी सरकारी नौकरी को केवल दायित्व के रूप में न देखें, बल्कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनाएं। आयुष और कर्मचारी राज्य बीमा योजना से जुड़े कार्मिकों की जिम्मेदारी सीधे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाला प्रत्येक व्यक्ति एक उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में कर्मचारियों का सही निर्णय और ईमानदार प्रयास किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने कार्मिकों से अपनी कार्यशैली से उदाहरण पेश करने की अपेक्षा की।

‘पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी’
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की भर्ती व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को अब उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

उत्तराखंड को ‘आयुष प्रदेश’ बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ योग, आयुर्वेद और औषधीय जड़ी-बूटियों की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। सरकार प्रदेश को मॉडल ‘आयुष प्रदेश’ और ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि सभी जिलों में आयुष सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। पंचकर्म सेवाओं को आधुनिक बनाया जा रहा है और आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। ई-संजीवनी के माध्यम से लोगों को घर बैठे विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल रही है, जबकि ‘आयुष सेतु पोर्टल’ को भी महत्वपूर्ण पहल बताया।

सभी 13 जिलों तक पहुंची ईएसआई योजना
सीएम धामी ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना की स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार किया गया है। पहले ईएसआई योजना प्रदेश के छह जिलों तक सीमित थी, जिसे अब सभी 13 जिलों तक पहुंचाया गया है।
उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में 100 बेड के ईएसआई अस्पताल का संचालन शुरू हो चुका है। हरिद्वार में 300 बेड के ईएसआई अस्पताल का निर्माण चल रहा है, जबकि काशीपुर में अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
‘युवाओं की ऊर्जा से बनेगा सशक्त उत्तराखंड’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ जिम्मेदारियां निभाने की अपेक्षा की।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता विकसित एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने भी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आयुष सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं जनसुलभ बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सचिव श्रम श्रीधर बाबू अद्दांकी, सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा रंजना राजगुरू, अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे, आकांक्षा कोंडे समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

