नशे के खिलाफ यूथ संवाद में राज्यपाल का आह्वान, बोले- युवा बनें अभियान के एंबेसडर
देहरादून। नशे और ड्रग्स के बढ़ते खतरे के खिलाफ देहरादून में आयोजित यूथ संवाद कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने युवाओं से निर्णायक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ ही नशा मुक्त युवा और विकसित भारत के निर्माण के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प दिलाया।

राज्यपाल ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई किसी एक विभाग या संस्था तक सीमित नहीं रह सकती। इसके लिए परिवार, समाज, शिक्षक, पुलिस, चिकित्सक और प्रशासन को एक साथ आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से शुरू किए गए अभियानों के तहत वर्ष 2030 तक देश को ड्रग्स मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
‘युवा बनें नशा विरोधी अभियान के एंबेसडर’
गुरमीत सिंह ने युवाओं से नशा विरोधी अभियान का एंबेसडर बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग जागरूक होकर न केवल खुद को नशे से दूर रख सकता है, बल्कि अपने साथियों और समाज में भी सकारात्मक बदलाव ला सकता है। आने वाली पीढ़ी को नशे के खतरे से बचाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी को उन्होंने अहम बताया।
15 साल से नशे के खिलाफ अभियान चला रहा सजग इंडिया
कार्यक्रम में सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी ने संस्था की ओर से चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सजग इंडिया, उत्तराखंड पुलिस और सरकार के संयुक्त प्रयासों से पिछले करीब डेढ़ दशक से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
ललित जोशी के मुताबिक, अब तक उत्तराखंड के 13 जिलों के 95 ब्लॉकों में लाखों युवाओं को जागरूक किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि माणा गांव से शुरू हुआ यह अभियान अब गंगा से गंगासागर और कश्मीर से कन्याकुमारी तक युवाओं को जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित नहीं, बल्कि युवाओं की व्यापक भागीदारी के जरिए नशा मुक्त भारत के संकल्प को धरातल पर उतारना है।
युवाओं की भागीदारी पर फोकस
कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता और सामाजिक भागीदारी भी जरूरी है। युवाओं को अभियान से जोड़कर नशे के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक संदेश देने की कोशिश की जा रही है।

