Uttrakhand

राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने दाखिल किया नामांकन, CM धामी समेत भाजपा के दिग्गज रहे मौजूद

देहरादून।

 

उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने मंगलवार को विधानसभा भवन, देहरादून में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सहित पार्टी के मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।

नामांकन से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक भी हुई। इसके बाद दिनेश आर्य पार्टी नेताओं और विधायकों के साथ विधानसभा पहुंचे और निर्वाचन कार्यालय में अपना नामांकन पत्र जमा किया। भाजपा ने 4 अक्टूबर को दिनेश आर्य को उत्तराखंड से राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया था।

 

संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं दिनेश आर्य

दिनेश आर्य लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। वह भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चे में भी संगठनात्मक दायित्व निभा चुके हैं। इसके अलावा वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिनेश आर्य को पार्टी का वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि संगठन में उनके लंबे योगदान और खासतौर पर कुमाऊं क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने में उनकी भूमिका रही है।

25 नवंबर को खत्म होगा नरेश बंसल का कार्यकाल

उत्तराखंड से मौजूदा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी रिक्त होने वाली सीट के लिए यह द्विवार्षिक चुनाव कराया जा रहा है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है। जरूरत पड़ने पर 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।

 

कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी नहीं उतारे जाने की स्थिति में दिनेश आर्य का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है, हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगी।

राज्यसभा नामांकन के बहाने भाजपा ने जहां अपने संगठनात्मक समीकरणों को सामने रखा है, वहीं दिनेश आर्य की उम्मीदवारी को लेकर उत्तराखंड की सियासत में भी चर्चा तेज हो गई है।