CRIME NEWSDEHRADUNUncategorized

बसंत विहार नकबजनी का खुलासा, आठ लाख की ज्वैलरी के साथ आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में मकान का ताला तोड़कर ज्वैलरी चोरी करने के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई करीब 8 लाख रुपये कीमत की पूरी ज्वैलरी बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को बसंत कुंज निवासी अमित कुमार क्षेत्री ने थाना बसंत विहार में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि निजी काम से घर से बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनके मकान का ताला तोड़कर घर में रखी ज्वैलरी चोरी कर ली।

तहरीर के आधार पर थाना बसंत विहार में मु0अ0सं0 213/2026, धारा 305(A) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई।

पुलिस के अनुसार, सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने 6 अक्टूबर की रात चेकिंग के दौरान मालिक चौक से आगे शास्त्रीनगर खाला पुलिया के पास एक संदिग्ध को पकड़ा। उसकी पहचान शानू पुत्र खुर्शीद अहमद, निवासी मुस्लिम बस्ती, शास्त्रीनगर खाला, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई।

पुलिस का दावा है कि आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी ज्वैलरी बरामद हुई।

नशे की जरूरत पूरी करने के लिए की थी रेकी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने बसंत कुंज स्थित मकान की रेकी की थी। मौका देखकर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की ज्वैलरी बेचने के लिए बाहर निकलने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

करीब आठ लाख की ज्वैलरी बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न ज्वैलरी बरामद की है—

  • पीली धातु का 1 मंगलसूत्र
  • पीली धातु की 2 अंगूठियां
  • सफेद धातु के 1 जोड़ी झुमके
  • पीली धातु का 1 झुमका
  • सफेद धातु की 1 अंगूठी
  • पीली धातु के 1 जोड़ी टॉप्स

बरामद ज्वैलरी की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।

 

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली नगर और थाना बसंत विहार में आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

आपराधिक इतिहास:

  1. मु0अ0सं0 46/2020, धारा 25 आर्म्स एक्ट, थाना कोतवाली नगर, देहरादून
  2. मु0अ0सं0 91/2024, धारा 25 आर्म्स एक्ट, थाना बसंत विहार, देहरादून
  3. मु0अ0सं0 33/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट, थाना बसंत विहार, देहरादून

पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह नेगी, कांस्टेबल नीरज घिल्डियाल और कांस्टेबल शार्दूल विक्रम शामिल रहे