उत्तराखंड शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 IAS और IFS अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव
देहरादून।
उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 वरिष्ठ आईएएस और एक आईएफएस अधिकारी के विभागों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

तबादला सूची के अनुसार प्रमुख सचिव आनंद बर्द्धन से आबकारी विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं नितेश कुमार झा को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग से हटाकर पंचायती राज विभाग का सचिव बनाया गया है।
आईएएस रणवीर प्रसाद को विद्यालयी शिक्षा विभाग से परिवहन विभाग का सचिव और परिवहन आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. पंकज कुमार पांडेय को सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
आईएएस बुजेश कुमार संत को आबकारी विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि डॉ. सुरेंद्र नारायण पांडेय को गन्ना विकास एवं चीनी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा मीनाक्षी जोशी को विद्यालयी शिक्षा (प्राथमिक एवं माध्यमिक) विभाग का सचिव बनाया गया है। युगल किशोर पंत को सचिवालय प्रशासन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। रणवीर सिंह चौहान को वित्त विभाग का सचिव बनाया गया है।
आईएफएस डॉ. पराग मधुकर धकाते से पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं आईएएस अभिषेक रुहेला को राज्य सम्पत्ति विभाग में अपर सचिव एवं राज्य सम्पत्ति अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन के आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त होकर अपने नए पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
