महिला सशक्तिकरण से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना : रेखा आर्या
सोमेश्वर (अल्मोड़ा), 27 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा सोमेश्वर में आयोजित ‘लखपति दीदी सम्मान समारोह’ में उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।

इस अवसर पर रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब देश की महिलाएं आर्थिक, सामाजिक और आत्मनिर्भर रूप से सशक्त होंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में महिलाओं को परिवार की मुखिया के रूप में प्राथमिकता देकर एक नई सोच को बढ़ावा दिया है। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आज परिवार के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरे हैं। इन समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल अपनी आय बढ़ा रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
रेखा आर्या ने सम्मानित सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता की कहानियां अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और इससे महिला सशक्तिकरण के अभियान को नई दिशा और गति मिलेगी।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम पालीवाल, जिला महामंत्री वंदना आर्या, कविता शाह, जिला उपाध्यक्ष कमला जोशी, मंडल अध्यक्ष कविता राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह राणा, मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शंकर बिष्ट सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं एवं स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं ने भाग लिया।

