DEHRADUN

आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश, SSP कार्यालय पहुंचकर दी शिकायत

देहरादून। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मोर्चा खोल दिया। प्रदेश सचिव स्वाति नेगी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे और देहरादून ग्रामीण पुलिस अधीक्षक जया बलूनी को ज्ञापन सौंपकर ‘वसूली अभियान मोर्चा’ नामक सोशल मीडिया पेज के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

 

स्वाति नेगी ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध और आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी महिला के चरित्र, परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री से न केवल उनकी बल्कि उनके परिवार की प्रतिष्ठा प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। स्वाति नेगी ने यह भी कहा कि कथित पोस्ट में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी और पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के सम्मान को भी निशाना बनाया गया है।

Whatsapp Scan 9 September 2026 at 13.35.36

 

स्वाति नेगी के मुताबिक, इस मामले में पूर्व में भी पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 28 दिसंबर 2025 को ‘वसूली अभियान मोर्चा’ के संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया गया था। इसके बाद 28 फरवरी 2026 को कथित तौर पर कांग्रेस और उसके नेताओं की छवि को प्रभावित करने वाला एक और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट के संचालकों की पहचान की जाए और जांच में आरोप सही पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता एवं सूचना प्रौद्योगिकी कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में किसी व्यक्ति की मानहानि या चरित्र हनन की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।

इस दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, देहरादून महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर गोगी, पार्षद कोमल बोरा, एतात खान, रॉबिन त्यागी, पिया थापा, मोहन काला, लकी राणा, मोहित मेहता, मोनी, विनीत प्रसाद भट्ट (बंटू), संजय, सुलेमान अंसारी, सुरभि शाह, वंदना राही, गुल मोहम्मद, हर्ष बागरी, अभिषेक पासी, प्रियांशु गौड़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।