CRIME NEWSDEHRADUN

प्यार में धोखा पड़ा भारी, 5 लाख की सुपारी देकर प्रेमी पर कराई फायरिंग

देहरादून।

भारत केसरी

पटेलनगर क्षेत्र में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात की मास्टरमाइंड बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका निकली, जिसने प्रेमी की हत्या के लिए बदमाश को 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला मालिया रहमान पिछले करीब पांच साल से बैंककर्मी सत्यम कुमार के संपर्क में थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध था। इसी दौरान महिला की शादी हुई, लेकिन पुलिस के मुताबिक लगातार संपर्क में रहने के चलते उसकी शादी टूट गई।

बताया गया कि फरवरी 2026 में सत्यम ने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली और इसके बाद मालिया से दूरी बना ली। इससे नाराज होकर मालिया ने अपने साथी मोहित के जरिए लक्सर निवासी अंकित चौहान से संपर्क किया और सत्यम को रास्ते से हटाने के लिए 5 लाख रुपये देने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, अंकित को 1.20 लाख रुपये एडवांस भी दिए गए थे।

 

8 सितंबर को शिमला बायपास रोड के बड़ोवाला क्षेत्र में अंकित और उसके साथी अंकुर ने बैंककर्मी सत्यम की स्कूटी को ओवरटेक कर उस पर फायरिंग की। गोली लगने से सत्यम घायल हो गया।

इसके बाद 11 सितंबर को पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

 

अंकित से पूछताछ के बाद पुलिस ने कथित साजिश की मुख्य आरोपी मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी अंकुर की तलाश जारी है।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।

 

पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार अंकित का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पूरे मामले में पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की