नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद के लिए गोर्खाली सुधार सभा ने जुटाई सहायता राशि
देहरादून।
भारत केसरी
नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए गोर्खाली सुधार सभा की विभिन्न शाखाओं और सामाजिक संगठनों ने सहायता राशि जुटाई है। शाखा अध्यक्षों एवं उनकी टीमों ने एकत्रित धनराशि केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा को आपदा राहत कार्यों के लिए सौंपी।
रायवाला शाखा की ओर से उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद शर्मा एवं उनकी टीम ने ₹2,44,070, तेलपुरा शाखा अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा एवं उनकी टीम ने ₹1,01,651 की सहयोग राशि सौंपी।

वहीं बंजारावाला शाखा की उपाध्यक्ष अनिता ठाकुरी एवं घनीमाला ठाकुरी ने ₹40,765 की सहायता राशि दी। इसके अलावा तमुधीं गुरूंग समाज के संरक्षक मोहन गुरूंग और कोषाध्यक्ष मीन प्रसाद गुरूंग ने नेपाल आपदा राहत के लिए ₹51,000 का चेक प्रदान किया।
इस तरह अब तक कुल ₹4,37,486 की सहायता राशि एकत्रित की गई है।
इस मौके पर गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में पड़ोसी देश नेपाल के साथ खड़ा होना सभी का मानवीय दायित्व है। उन्होंने सहयोग करने वाली सभी शाखाओं, उनकी टीमों और दानदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि शीघ्र ही एकत्रित सहायता राशि नेपाल में आपदा राहत कार्यों के लिए समर्पित की जाएगी।
कार्यक्रम में सभा के उपाध्यक्ष राजन क्षेत्री, विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष और प्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
