उमा गौड़ सिसोदिया बनीं आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य
देहरादून।
भारत केसरी
आम आदमी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए उत्तराखंड की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से प्रदेश संगठन में कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर उमा गौड़ सिसोदिया ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसे वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी।

उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नई जिम्मेदारी के माध्यम से वह उत्तराखंड से जुड़े जनसरोकारों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी।
उन्होंने कहा कि मिशन 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुटी है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता से सीधा संवाद बढ़ाने पर पार्टी का फोकस है।
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि नई जिम्मेदारी व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को लेकर वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेंगी।
आप उत्तराखंड के प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी उमा गौड़ सिसोदिया को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किए जाने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व से प्रदेश में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
