गढ़वाली फिल्म ‘बीरा’ का ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर लॉन्च, सतपाल महाराज बोले- संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है सिनेमा
देहरादून।
भारत केसरी
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को एक स्थानीय होटल में बालाजी प्रोडक्शन के बैनर तले बनी गढ़वाली फीचर फिल्म ‘बीरा’ का ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।
सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड की हिमालयी चोटियां, जंगल, नदियां, झीलें, घाटियां और गांव फिल्म निर्माताओं के लिए किसी प्राकृतिक स्टूडियो से कम नहीं हैं। सरकार प्रदेश को फिल्म शूटिंग के लिए आकर्षक और सुविधाजनक डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य ऑडियो-विजुअल प्रोजेक्ट्स की शूटिंग बढ़ने से उत्तराखंड की खूबसूरती को वैश्विक पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय कलाकारों, युवाओं, तकनीशियनों, होटल, परिवहन और अन्य व्यवसायों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
फिल्म ‘बीरा’ पहाड़ के सरल जीवन, रिश्तों, सपनों और बदलते समय के बीच अपनी जड़ों से जुड़े रहने की कहानी को सामने लाती है। फिल्म में शिवानी भंडारी, नियो फर्स्वाण और सूरज कोटनाला सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इस अवसर पर लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी सहित फिल्म जगत और कला क्षेत्र से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।

