कौलागढ़ में कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ यात्रा’, सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
देहरादून।
भारत केसरी
कांग्रेस नेत्री पिया थापा के आयोजन में कौलागढ़ में ‘संविधान बचाओ यात्रा’ निकाली गई। सीताराम मंदिर से शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पंचायत घर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने संविधान, लोकतंत्र, महंगाई, बेरोजगारी, अग्निवीर योजना और जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि देश के सामने केवल सत्ता परिवर्तन का सवाल नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की चुनौती भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की कार्यशैली संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाली है।
कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य करन माहरा ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार, किसान अपनी समस्याओं और आम जनता महंगाई से राहत की मांग कर रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है।

पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि संविधान किसी राजनीतिक दल या सरकार की जागीर नहीं है, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की ताकत है। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भी महंगाई, बेरोजगारी और अग्निवीर योजना को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की रोजगार सुरक्षा और भविष्य से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान की रक्षा का मतलब केवल संवैधानिक दस्तावेज की सुरक्षा नहीं, बल्कि समानता, स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय, रोजगार और नागरिक अधिकारों की रक्षा भी है। यात्रा के समापन पर कार्यकर्ताओं ने इन मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
आयोजक पिया थापा ने यात्रा में शामिल वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का आभार जताया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

