देहरादून में 14 से 30 सितंबर तक चलेगा व्यापक नशामुक्ति शपथ अभियान, स्कूल-कॉलेज से लेकर दफ्तरों तक दिलाई जाएगी शपथ
देहरादून, 14 सितंबर 2026।
भारत केसरी
जनपद को नशामुक्त बनाने और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सोमवार को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ (NMBA) का शुभारंभ किया गया। 14 से 30 सितंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान जिलेभर में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन और ऑफलाइन नशामुक्ति शपथ दिलाई जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर अभियान की शुरुआत की।
स्कूल-कॉलेज और कोचिंग सेंटरों में चलेगा अभियान

अभियान के तहत जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशन में शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सरकारी दफ्तरों और औद्योगिक इकाइयों में भी शपथ
सरकारी, अर्द्धसरकारी और निगम कार्यालयों के साथ-साथ औद्योगिक इकाइयों एवं फैक्ट्रियों में भी अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों को सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।
गांव से शहर तक पहुंचेगा अभियान
अभियान को स्थानीय स्तर तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायतों, नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को भी शामिल किया गया है। स्थानीय नागरिकों के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को जोड़कर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की योजना है।
खेल और पर्यटन क्षेत्र भी अभियान में शामिल
जिला क्रीड़ा अधिकारी के माध्यम से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज समेत विभिन्न खेल प्रशिक्षण केंद्रों में खिलाड़ियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। वहीं पर्यटन विभाग के माध्यम से हॉस्टल, होम-स्टे और होटल संचालकों एवं संबंधित लोगों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
ऑनलाइन शपथ के बाद प्रमाणपत्र डाउनलोड करना जरूरी
जिला प्रशासन ने अभियान के तहत ऑनलाइन शपथ लेने और प्रमाणपत्र डाउनलोड करने को अनिवार्य किया है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि शपथ कार्यक्रमों के फोटोग्राफ्स और निर्धारित प्रारूप में संकलित जानकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी के ई-मेल अथवा व्हाट्सऐप नंबर 8126692409 पर भेजें।
जिला प्रशासन ने आमजन और सभी संस्थानों से अपील की है कि नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अभियान में सक्रिय भागीदारी करें।
अधिकारी रहे मौजूद
नशामुक्त भारत अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, नगर कर अधिकारी विजय चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
