ऋषिकेश की तीन बड़ी विकास योजनाओं की समीक्षा, त्रिवेणी घाट से चंद्रभागा पुल तक कार्यों में तेजी के निर्देश
ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश कार्यालय में शहर की प्रमुख विकास योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में त्रिवेणी घाट नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण, आस्था पथ के सौंदर्यीकरण और चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने तीनों परियोजनाओं की कार्ययोजना और अब तक हुई प्रगति की जानकारी महापौर के समक्ष रखी। इस दौरान ₹115 करोड़ की लागत से त्रिवेणी घाट के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण, ₹33 करोड़ की लागत से आस्था पथ सौंदर्यीकरण तथा ₹33.43 करोड़ की अनुमानित लागत से चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि ये परियोजनाएं ऋषिकेश के विकास और पर्यटन को नई गति देने के साथ ही स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। परियोजनाओं के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करने के साथ ही निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को होने वाली असुविधाओं को न्यूनतम रखने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने परियोजनाओं के आगामी चरणों और प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। महापौर ने संबंधित विभागों और तकनीकी टीमों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, एस.के. सिंह, हरीश बिष्ट, दीपक, एस.के. सिंघल, हरिदर्शन रावत, आशीष भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
