DEHRADUN

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज, देहरादून में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू

देहरादून। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जनगणना निदेशालय ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में देहरादून जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना कार्य के लिए तैनात चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और अन्य जनगणना कर्मियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू किया गया।

प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा ने किया। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है।

ऑनलाइन पोर्टल से होगा जनगणना का काम

इस दौरान नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराने का आधार है। इस बार जनगणना कार्य को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित किया जाएगा, जिससे फील्ड स्तर पर सूचनाओं को डिजिटल माध्यम से दर्ज करने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता, सावधानी और समयबद्धता के साथ पूरा करने को कहा। नगर आयुक्त ने कहा कि जनगणना के दौरान जुटाए जाने वाले आंकड़ों की शुद्धता बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में सभी कार्मिक प्रशिक्षण के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं को गंभीरता से समझें और फील्ड में उनका सही तरीके से पालन सुनिश्चित करें।

परिवार और सामाजिक स्थिति से जुड़ी जानकारियां होंगी दर्ज

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि जनगणना में परिवार और सामाजिक स्थिति से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज की जाएगी। इसमें माता-पिता, वैवाहिक स्थिति, तलाक, एकल माता-पिता सहित अन्य सामाजिक एवं पारिवारिक विवरण शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीयता और जाति से संबंधित जानकारी भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज की जाएगी। इसके अलावा वीजा पर आए लोगों तथा बिना अनुमति निर्धारित क्षेत्रों में घूमने वाले लोगों से संबंधित जानकारी भी नियमानुसार दर्ज किए जाने के संबंध में कार्मिकों को जानकारी दी गई।

पोर्टल पर डेटा दर्ज करने की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय के संयुक्त निदेशक देवेन्द्र सिंह एवं उप निदेशक ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत किए जाने वाले कार्यों, प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी।

वहीं प्रदीप यादव और कुलदीप चौहान ने जनगणना पोर्टल के माध्यम से कार्य करने की प्रक्रिया पर प्रस्तुतीकरण दिया। कार्मिकों को पोर्टल पर आवश्यक सूचनाएं दर्ज करने, ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने और फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित परिस्थितियों से निपटने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।

ग्रामीण से लेकर कैंट क्षेत्र तक के कार्मिक शामिल

प्रशिक्षण शिविर में देहरादून जिले की विभिन्न तहसीलों के साथ नगर निगम, नगर निकाय, देहरादून एवं कैंटोनमेंट क्षेत्रों के चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक, लिपिक, डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। छावनी परिषद के संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक भी प्रशिक्षण में मौजूद रहे।

प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के कार्य को निर्धारित समयसीमा में सटीक, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए कार्मिकों को तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक जानकारी उपलब्ध कराना है।