DEHRADUNMussoorie Dehradun Development Authority

झाझरा में पांच बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला एमडीडीए का बुलडोजर, अनधिकृत कॉलोनी ध्वस्त

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत प्राधिकरण की टीम ने झाझरा क्षेत्र में करीब पांच बीघा भूमि पर की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। मौके पर प्लॉटिंग के लिए डिमार्केशन का काम किया जा रहा था, लेकिन निरीक्षण के दौरान संबंधित पक्ष स्वीकृत तलपट मानचित्र प्रस्तुत नहीं कर सका।

एमडीडीए के अनुसार चरनपाल आदि द्वारा नन्दा एन्कलेव, सैनिक कॉलोनी, एलपी विलाश के सामने झाझरा क्षेत्र में करीब पांच बीघा भूमि पर प्लॉटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया तो मौके पर स्वीकृत तलपट मानचित्र उपलब्ध नहीं पाया गया। मामले में नियमानुसार वाद दायर किया गया। जांच और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राधिकरण ने मौके पर की जा रही समस्त अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।

सेक्टरवार टीमों से अवैध निर्माण पर नजर

एमडीडीए ने अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सेक्टरवार टीमों को सक्रिय किया है। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों और प्लॉटिंग पर लगातार नजर रख रही हैं। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण या अनधिकृत प्लॉटिंग पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

प्राधिकरण के मुताबिक वर्ष 2026 के शुरुआती आठ महीनों में भी अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई केवल छोटे निर्माणों तक सीमित नहीं रही, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाली बड़ी इमारतों और व्यावसायिक निर्माणों पर भी कार्रवाई की गई है।

विकासनगर से रायपुर और डोईवाला तक अभियान

एमडीडीए की ओर से विकासनगर, ऋषिकेश, सहसपुर, रायपुर और डोईवाला समेत विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्राधिकरण का फोकस बिना स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण एवं प्लॉटिंग पर अंकुश लगाने पर है।

एमडीडीए अधिकारियों का कहना है कि अनधिकृत प्लॉटिंग से भविष्य में सड़क, यातायात, जल निकासी, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। ऐसे में नियोजित और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करने के लिए नियमों का पालन जरूरी है।

जमीन खरीदने से पहले जांच की अपील

एमडीडीए ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी भूखंड को खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, ले-आउट और संबंधित स्वीकृतियों की पूरी जानकारी जरूर हासिल करें। प्राधिकरण का कहना है कि अनधिकृत प्लॉटिंग में जमीन खरीदने वाले लोगों को भविष्य में कानूनी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

बंशीधर तिवारी बोले- नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। सेक्टरवार टीमों को सक्रिय कर निर्माण गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र के की जा रही प्लॉटिंग नियोजन व्यवस्था को प्रभावित करने के साथ भविष्य में आम लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बन सकती है।

उन्होंने कहा कि झाझरा में करीब पांच बीघा क्षेत्र में की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी पूरी गंभीरता से कार्रवाई जारी रहेगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने भी दी चेतावनी

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के मामलों में प्राधिकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। सेक्टरवार टीमें अपने क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों की निगरानी कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि झाझरा में बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के करीब पांच बीघा क्षेत्र में की जा रही प्लॉटिंग के मामले में वाद दायर करने के बाद अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। उन्होंने भी आमजन से भूमि खरीदने से पहले भूखंड और ले-आउट की स्वीकृति की जानकारी हासिल करने की अपील की।