पिरान कलियर में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार, STF ने दो आरोपियों को दबोचा
हरिद्वार। उत्तराखंड एसटीएफ ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिरान कलियर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की कथित अवैध बिक्री कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने मौके से 1150 नशीले ट्रामाडोल कैप्सूल और 10 कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किए हैं।
एसटीएफ कार्यालय देहरादून के अनुसार, 15 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिरान कलियर क्षेत्र में स्थित मोनी मेडिकल स्टोर का संचालक नशीली दवाओं का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर और अन्य स्थानों से 1150 Puroxiwin Spas कैप्सूल तथा 10 Codeictus TR कफ सिरप बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित दोनों आरोपी कोई वैध अभिलेख अथवा चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन प्रस्तुत नहीं कर सके।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
एसटीएफ ने कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया है—
- कुर्बान अली, पुत्र अब्दुल मजीद, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम महमूदपुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार।
- आदिल, पुत्र जिन्दा हसन, उम्र 24 वर्ष, निवासी मुकरपुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पिरान कलियर में धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी जैसे अपराधों में शामिल न हों। नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन अथवा एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड को देने की अपील की गई है।
एसटीएफ ने कहा कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर एवं निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एसटीएफ/एएनटीएफ संपर्क नंबर: 0135-2656202, 9412029536
