Uttrakhand

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से मिले साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय, लंदन के छात्र-छात्राएं

देहरादून। साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय, लंदन के छात्र-छात्राओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से उनके सुभाष रोड स्थित कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड में पर्यटन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेने के साथ ही पर्यटन विकास को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विश्वविद्यालय के इंडिया सेंटर के प्रथम ICCR चेयर ऑफ इंडिया स्टडीज एवं विजिटिंग प्रोफेसर चंद्र प्रकाश कांडपाल ने किया। यह दल India Experiential Learning Program के तहत भारत भ्रमण पर है। देश के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने के बाद छात्र-छात्राएं उत्तराखंड पहुंचे हैं।

उत्तराखंड के पर्यटन को दुनिया तक पहुंचाने में मदद करेंगे छात्र

बैठक के दौरान पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय की टीम भारत की सभ्यता और संस्कृति को करीब से समझने तथा उसके अनुभवों को दुनिया के अन्य देशों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत भ्रमण पर आई है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में दुनिया के अलग-अलग देशों के विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं।

महाराज ने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड का दौरा करने वाले छात्र-छात्राएं प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और पर्यटन स्थलों के अनुभवों को अपने-अपने देशों में साझा करेंगे, जिससे उत्तराखंड के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उत्तराखंड पहुंचने पर दल का स्वागत किया है।

बीटल्स आश्रम से जिम कॉर्बेट तक, पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा

पर्यटन मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों और सरकार की ओर से पर्यटन क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने ऋषिकेश स्थित बीटल्स आश्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रसिद्ध ब्रिटिश बैंड ‘द बीटल्स’ यहां आया था और इस स्थान से उसकी कई प्रसिद्ध रचनाओं का जुड़ाव रहा है।

उन्होंने प्रदेश में स्थित जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, होमस्टे को बढ़ावा देने और एस्ट्रो टूरिज्म को विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की यात्रा छात्र-छात्राओं के लिए यादगार अनुभव साबित होगी।

भारतीय संस्कृति और उत्तराखंड के भोजन की सराहना

प्रतिनिधिमंडल में शामिल छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड की यात्रा के दौरान भारतीय संस्कृति, स्थानीय भोजन और यहां उपलब्ध रहने की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं और सरकार द्वारा पर्यटकों के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर भी रुचि दिखाई।

इस अवसर पर कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर डॉ. अमित कुमार और प्रोफेसर साबू पदम दास भी मौजूद रहे।