DEHRADUNUttrakhand

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के खिलाड़ियों का डाटा लॉक, आउटसोर्स कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में रजिस्ट्रेशन कराने वाले खिलाड़ियों का डाटा अब विवादों में घिर गया है। खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन से जुड़ा डाटा संभालने वाली आउटसोर्स कंपनी पर खेल विभाग ने गंभीर कार्रवाई करते हुए रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। इन खिलाड़ियों से संबंधित महत्वपूर्ण डाटा आउटसोर्स कंपनी के पास सुरक्षित था। आरोप है कि कंपनी की ओर से डाटा का पासवर्ड बदल दिया गया, जिसके बाद खेल विभाग के अधिकारियों को खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन और अन्य संबंधित जानकारी तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

डाटा तक पहुंच बाधित होने पर विभाग ने उठाया कदम

मामले की गंभीरता को देखते हुए खेल विभाग ने संबंधित आउटसोर्स कंपनी के खिलाफ रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि डाटा का पासवर्ड किस वजह से बदला गया और इसके पीछे कंपनी की क्या मंशा थी। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस जांच के बाद खुलेगा पूरा राज

खेल मंत्री ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि खेल विभाग पूरे प्रकरण को गंभीरता से ले रहा है। विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है और अब पुलिस मामले की जांच करेगी।

उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि खिलाड़ियों के डाटा का पासवर्ड क्यों बदला गया और इसके पीछे संबंधित कंपनी की मंशा क्या थी। विभाग की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी से जुड़े खिलाड़ियों के डाटा का मामला सामने आने के बाद अब डाटा की सुरक्षा, आउटसोर्स एजेंसी की भूमिका और विभागीय निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।