DEHRADUN

नेपाल आपदा राहत के लिए गोर्खाली सुधार सभा का दल जाएगा नेपाल, एक गांव को गोद लेकर बांटेगा राहत सामग्री

देहरादून, 15 सितंबर। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए गोर्खाली सुधार सभा ने बड़ी पहल की है। सभा की ओर से नेपाल में प्रभावित एक गांव को गोद लेकर वहां पीड़ित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए एक राहत दल का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा करेंगे।

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने बताया कि 26 अगस्त 2026 को नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा ने बड़े स्तर पर जनजीवन को प्रभावित किया है। भारत, नेपाल सहित विभिन्न देशों के पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों की मौत को उन्होंने बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में भारत नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।

29 अगस्त को हुई आपात बैठक, बनाई गई राहत कार्य की योजना

पदम सिंह थापा ने बताया कि आपदा के बाद 29 अगस्त को गोर्खाली सुधार सभा की आपात बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में नेपाल में राहत कार्यों में सहयोग करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद नेपाल आपदा राहत प्रबंधन कमेटी का गठन किया गया और लोगों से अधिक से अधिक सहयोग की अपील की गई।

राहत अभियान को विभिन्न सामाजिक संगठनों और समुदायों का भी समर्थन मिला। राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, राज्यमंत्री अभिषेक शाही, संयुक्त नागरिक संगठन के अध्यक्ष ब्रिगेडियर के.जी. बहल एवं उनकी टीम के साथ गढ़वाल सभा, कूर्मांचल सभा, बौद्धिक तिब्बती समाज, ब्राह्मण समिति, गुरूंग समाज, राई समाज, लिम्बु एसोसिएशन, भारतीय मगर समाज समेत विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और पूर्व सैन्य अधिकारियों ने राहत कोष में सहयोग का समर्थन किया।

15 दिनों में जुटी सम्मानजनक राशि

सभा अध्यक्ष ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों में विभिन्न लोगों और संगठनों के संयुक्त प्रयास से राहत के लिए सम्मानजनक धनराशि एकत्रित की जा चुकी है। राहत कोष में सहयोग का क्रम अभी भी जारी है।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित लोगों से विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया है कि राहत सामग्री किसी माध्यम से भेजने के बजाय सभा का दल स्वयं नेपाल जाएगा और प्रभावित गांव में राहत सामग्री वितरित करेगा।

नेपाल में ही खरीदी जाएगी राहत सामग्री

गोर्खाली सुधार सभा के अनुसार राहत दल की नेपाल यात्रा को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। नेपाल में स्थानीय संपर्क सूत्रों के माध्यम से आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। राहत कार्य के लिए नेपाल सेना, नेपाली दूतावास और नेपाल सरकार के साथ भी समन्वय किया जा रहा है।

सभा ने बताया कि राहत सामग्री की खरीद नेपाल में ही स्थानीय स्तर पर की जाएगी। इस कार्य में वहां की स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय स्वयंसेवकों का भी सहयोग लिया जाएगा। उत्तराखंड सरकार के मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी स्तर पर आवश्यक अनुमति की प्रक्रिया भी चल रही है।

सभा अध्यक्ष ने कहा कि राहत अभियान से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विचार-विमर्श और आवश्यक तैयारी के बाद ही नेपाल जाने का निर्णय लिया गया है। राहत दल शीघ्र ही नेपाल के लिए रवाना होगा।

‘नेपाल आप अकेले नहीं, भारत आपके साथ है’

गोर्खाली सुधार सभा ने राहत अभियान के लिए संदेश दिया है—

“आपके हाथों में हमारा हाथ है,
नेपाल आप अकेले नहीं, भारत आपके साथ है।”

सभा का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल राहत सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि आपदा से प्रभावित नेपाली परिवारों को यह भरोसा दिलाना भी है कि संकट की इस घड़ी में भारत और यहां का समाज उनके साथ खड़ा है।

प्रेस वार्ता में ये लोग रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजन क्षेत्री, महामंत्री गोपाल क्षेत्री, राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, राज्यमंत्री अभिषेक शाही, वरुण राज सिंह भंडारी, मेजर हबी जंग गुरूंग, मेजर महावीर सिंह रावत, अशोक वल्लभ शर्मा, टेकू मगर, सूर्य विक्रम शाही, मीडिया प्रभारी प्रभा शाह, सपना मल्ल, माया राना, देविन शाही, सुशील भंडारी, विजय गुरूंग, शमशेर थापा, डम्मर थापा और श्याम राना समेत विभिन्न सामाजिक एवं सामुदायिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता में संयुक्त नागरिक संगठन, बौद्धिक तिब्बती समाज, गढ़वाल महासभा, कूर्मांचल महासभा, विभिन्न उपजातीय समितियों, पूर्व सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और समाजसेवियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।