दिव्यांग बच्चों के बीच सीएम धामी ने मनाया जन्मदिन, बच्चों के साथ काटा केक
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के मौके पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच केक काटा और उनके साथ काफी समय बिताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री बच्चों से आत्मीयता के साथ मिले और उनसे बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी खासे उत्साहित नजर आए। संस्थान में जन्मदिन का माहौल बच्चों की मुस्कान और अपनत्व से भर गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और संभावनाएं मौजूद हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि समान अवसर, सम्मान और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराकर दिव्यांग बच्चों को उनकी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने बच्चों को दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चों के चेहरों की खुशी और उनका स्नेह उनके जन्मदिन का सबसे खास और यादगार उपहार है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।
