जनगणना-2027 को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, डीएम ने दिए समयबद्ध और त्रुटिरहित गणना के निर्देश
देहरादून। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर देहरादून नगर निगम सभागार में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण में चार्ज अधिकारियों, सहायक चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और जनगणना से जुड़े अन्य कार्मिकों को जनसंख्या गणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के बेहतर नियोजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने अधिकारियों को पूरी गंभीरता, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि जनगणना-2027 में तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा। इस बार जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों की संख्या करीब 40 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की अवधि निर्धारित की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वगणना को लेकर आम लोगों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग लें।
उन्होंने कहा कि 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को अभी से सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने और विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य के प्रत्येक स्तर पर नियमित निगरानी की जाए और सामने आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए, ताकि जनगणना का कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने जनगणना-2027 की विभिन्न प्रक्रियाओं और महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। दो दिवसीय प्रशिक्षण में 23 चार्ज अधिकारियों, 23 सहायक चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और अन्य संबंधित कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों की शंकाओं का भी समाधान किया गया।
इस अवसर पर जनगणना के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी इनायत सिद्दीकी, जनगणना निदेशालय के प्रशिक्षक प्रदीप यादव और कुलदीप चौहान समेत संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
