CM UTTRAKHANDUttrakhand

दून अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, स्टाइपेंड बढ़ाने का दिया भरोसा; डॉक्टरों ने स्थगित किया धरना

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पिछले नौ दिनों से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे पीजी, एसआर और जेआर डॉक्टरों से स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मुलाकात की। मंत्री के आश्वासन के बाद आंदोलनरत चिकित्सकों ने अपना धरना फिलहाल स्थगित कर दिया है।

स्वास्थ्य मंत्री बुधवार को दून अस्पताल पहुंचे और धरने पर बैठे चिकित्सकों से बातचीत कर उनकी मांगों और समस्याओं की जानकारी ली। डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर अपनी बात मंत्री के सामने रखी।

मंत्री सुबोध उनियाल ने चिकित्सकों को भरोसा दिलाया कि स्टाइपेंड बढ़ाने के मामले पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द सकारात्मक कदम उठाए जाने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने एमबीबीएस छात्रों से भी संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि चिकित्सक प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों से जुड़े विषयों का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि सरकार चिकित्सकों के साथ संवाद और समन्वय के माध्यम से उनकी मांगों के समाधान के लिए प्रयास कर रही है।

स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद पीजी, एसआर और जेआर डॉक्टरों ने निश्चित अवधि के लिए अपना धरना स्थगित करने का निर्णय लिया। धरना स्थगित होने के बाद अब सभी की नजरें सरकार की ओर से स्टाइपेंड वृद्धि को लेकर उठाए जाने वाले अगले कदम पर टिकी हैं।