DEHRADUN

अंबेडकर और दलित समाज पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट का मामला, कांग्रेस ने एसएसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग

देहरादून। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर डॉ. भीमराव अंबेडकर और दलित समाज के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग ने पुलिस से शिकायत की है। विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, भूपेश जोशी नामक व्यक्ति के फेसबुक अकाउंट से डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर और दलित समाज से संबंधित कुछ पोस्ट और टिप्पणियां की गई हैं, जिन्हें शिकायतकर्ता ने आपत्तिजनक और अपमानजनक बताया है। मदनलाल का कहना है कि इन पोस्टों से दलित समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और इसे लेकर लोगों में रोष की स्थिति बनी है।

मदनलाल ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में फेसबुक पोस्ट, स्क्रीनशॉट और अन्य संबंधित साक्ष्यों का परीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और पोस्ट की वास्तविकता, पोस्ट किए जाने की तारीख, संदर्भ और प्रमाणिकता की जांच की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी कानून का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में किसी पूर्वधारणा के बजाय उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाना चाहिए।

मदनलाल ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। ऐसे में किसी व्यक्ति, समुदाय या महापुरुष से संबंधित संवेदनशील सामग्री के व्यापक प्रभाव को देखते हुए उसकी सत्यता और संदर्भ की जांच जरूरी है।

उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर को सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों का प्रमुख प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की वास्तविकता और संदर्भ का परीक्षण किया जाना आवश्यक है।

साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की कि संवेदनशील सामाजिक और ऐतिहासिक विषयों पर तथ्यहीन या अपमानजनक सामग्री साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द और आपसी सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

मदनलाल ने एसएसपी देहरादून से शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों का संज्ञान लेते हुए मामले की शीघ्र एवं निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

इस दौरान अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव संजय गौतम, धर्मपाल घाघट, नितेश राजोरिया, प्रमोद मंद्रवाल, आदर्श सूद, प्रदेश उपाध्यक्ष नोहर सिंह, गगन छाछर, प्रदेश सचिव अशोक कुमार, सुनील कुमार, भावदस के युवा अध्यक्ष अमन उज्जवल, लड्डू और साहिल कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।